मध्य पूर्व के तनाव और डालर की शह पर तेल में उच्चतम तेजी
नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। ईरान पर इजराइल के आक्रमण की बढ़ती आशंका व डालर में गिरावट के मद्देनजर न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज नाइमेक्स में सप्ताहांत कच्चे तेल की कीमतों में रिकार्ड 11 डालर प्रति बैरल की तेजी दर्ज की गई।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज नाइमेक्स में सप्ताहांत कारोबार के दौरान तेल का जुलाई वायदा बढ़कर 138.80 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर को छूते हुए अंतत: 10.75 डालर यानी 8.4 फीसदी बढ़कर 138.54 डालर प्रति बैरल बंद हुआ। इलेक्ट्रानिक कारोबार के दौरान समान अवधि का तेल वायदा 139.12 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया।
तेल का जुलाई वायदा सप्ताह के कुल पांच कारोबारी दिवस के दौरान कुल 8 फीसदी चढ़ा। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार इजराइल के परिवहन मंत्री के बयान से तेल की कीमतों में यह उछाल आया है। प्रधानमंत्री एहुद ओलमार्ट के काफी करीब माने जाने वाले परिवहन मंत्री ने ईरान में जारी परमाणु संवर्धन कार्यक्रम को लेकर उस पर हमले को अवश्यंभावी बताया।
बास्केट की अन्य मुद्राओं की तुलना में डालर में आई गिरावट से भी तेल की कीमतों को समर्थन मिला। अमेरिकी श्रम विभाग से जारी बेरोजगारी के आंकड़े डालर में गिरावट के लिए उत्तरदायी रहे। आंकड़ों के अनुसार मई के दौरान देश में बेरोजगारी दर में 5.5 फीसदी की तेजी आई। अक्टूबर 2004 के बाद बेरोजगारी दर में यह सबसे बड़ी तेजी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications