इलाज के लिए हसीना जा सकती हैं विदेश
ढाका, 7 जून (आईएएनएस)। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्रियों शेख हसीना और खालिदा जिया के स्वास्थ्य और सरकार की दोनों नेताओं को इलाज के लिए विदेश भेजने की योजना के बारे में एक बार फिर कयास लगाए जाने लगे हैं।
'डेली स्टार' समाचार पत्र में शनिवार को प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों नेताओं को विदेश भेजने की योजना सरकार की इन्हें राजनीति प्रक्रिया विशेषकर दिसंबर में होने वाले चुनावों से अलग रखने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
अखबार के मुताबिक यह प्रगति दिसंबर में होने वाले चुनावों को लेकर चल रही राजनीतिक वार्ता में हुई है। कार्यवाहक सरकार के साथ चल रही राजनीतिक वार्ता का दोनों नेताओं ने बहिष्कार किया है। दोनों की मांग बिना शर्त रिहाई की है।
अखबार ने लिखा है कि पिछले साल कार्यवाहक सरकार का जो फार्मूला विफल हो गया था उसे फिर से लागू करने की कोशिश की जा रही है। इस फार्मूले के तहत दोनों नेताओं को राजनीतिक प्रक्रिया से अलग रखने की योजना थी।
गुरुवार और शुक्रवार को हसीना, जिया और जिया के बेटे अराफात रहमान कोको की डाक्टरी जांच की गई थी।
अखबार के मुताबिक हसीना अमेरिका जाने की इच्छुक हैं और वहां पर उनके बेटे साजिब जॉय ने इंतजाम कर रखा है। कोको भी विदेश जा सकते हैं लेकिन जिया विदेश जाना नहीं चाहती। उनको डर है कि विदेश जाने के बाद उन्हें स्वदेश लौटने में अड़चन आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications