असम के बर्खास्त मंत्री कांग्रेस से हुए निष्कासित (लीड-1)
गुवाहाटी/नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारी को घूस देने के एक मामले में रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद असम मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए गए शिक्षा मंत्री रिपुन बोरा को आज कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इससे पहले दिल्ली की एक स्थानीय अदालत ने उन्हें 21 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवनेश्वर कलिता ने कहा, "हमने बोरा को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया है। क्योंकि उन्होंने पार्टी हित के खिलाफ काम किया है।"
असम के विपक्षी दल बोरा के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। विपक्षी दलों के दबाव में आकर कांग्रेस ने आज उनके निष्कासन का निर्णय लिया।
इससे पहले बोरा को दो अन्य आरोपियों मुकुल पाठक और आर. के. माहेश्वरी के साथ न्यायाधीश एस. पी. गर्ग की विशेष अदालत में पेश किया गया। न्यायाधीश गर्ग ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश सुनाया।
ज्ञात हो कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले मंगलवार को बोरा को घूस देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बोरा सीबीआई के एक अधिकारी को दस लाख रुपए घूस देते रंगे हाथों पकड़े गए थे।
बोरा असम के छात्र नेता डेनिएल टोपनो की हत्या मामले में आरोपी हैं। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications