सप्ताह के दौरान सोना 23 डालर चढ़ा
नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी श्रम विभाग से जारी अनुमान से ज्यादा निराशाजनक आंकड़ों व कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज नाइमेक्स के कामेक्स डिवीजन में सप्ताहांत सोने की कीमतों में 23 डालर प्रति औंस से ज्यादा की तेजी आई।
कामेक्स में सोने का अगस्त वायदा 23.50 डालर यानी 2.7 फीसदी बढ़कर 899 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। सप्ताह के कुल पांच कारोबारी दिवस के दौरान सोने की कीमतों में 0.8 फीसदी की तेजी आई। इलेक्ट्रानिक कारोबार में समान अवधि का वायदा 905.30 डालर प्रति औंस तक पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निराशाजनक आंकड़ों की वजह से डालर बास्केट की अन्य मुद्राओं की तुलना में गिरा। अमेरिकी श्रम विभाग से जारी बेरोजगारी के आंकड़ों के अनुसार मई के दौरान देश में बेरोजगारी दर में 5.5 फीसदी की तेजी आई। अक्टूबर 2004 के बाद बेरोजगारी दर में यह सबसे बड़ी तेजी है।
उधर, न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज नाइमेक्स में सप्ताहांत कारोबार के दौरान तेल का जुलाई वायदा बढ़कर 138.80 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर को छूते हुए अंतत: 10.75 डालर यानी 8.4 फीसदी बढ़कर 138.54 डालर प्रति बैरल बंद हुआ। इलेक्ट्रानिक कारोबार के दौरान समान अवधि का तेल वायदा 139.12 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications