तेल की बढ़ती कीमतों पर भारत ने जताई गहरी चिंता (लीड-1)
अमोरी, 7 जून (आईएएनएस)। तेल की खपत के मामले में अग्रणी विश्व के पांच प्रमुख राष्ट्रों अमेरिका, चीन, भारत, जापान व दक्षिण कोरिया ने इसकी कीमतों में बढ़ोतरी पर चिंता जाहिर की है।
जापान के ओमोरी में आयोजित इन देशों के ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि तेल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि न सिर्फ तेल आयातक राष्ट्रों बल्कि उत्पादक व निर्यातक राष्ट्रों के लिए भी परेशानी का सबब बनती जा रही है।
यह बयान उस समय आया है जब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमत 138 डालर प्रति बैरल को पार कर गई है। न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज यानी नाइमेक्स में सप्ताहांत तेल का जुलाई वायदा 10.75 डालर यानी 8.4 फीसदी चढ़कर 138.54 डालर प्रति बैरल बंद हुआ।
एक दिवसीय बैठक के समापन सत्र के दौरान संबंधित देशों के मंत्रियों ने उत्पादक देशों से तेल व गैस क्षेत्रों के विकास में निवेश को बढ़ाने का आग्रह किया।
भारतीय व चीनी प्रतिनिधियों के अनुसार भाग ले रहे देशों के मंत्रियों के बीच सिर्फ सब्सिडी की समाप्ति को लेकर आम सहमति दिखी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications