भारतीय आम की मिठास अमेरिका में
न्यूयार्क और लास एंजलिस में भारतीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों आम को यहां लोकप्रिय बनाने के लिए श्रृंखलाबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इन दोनों शहरों के भारतीय रेस्टोरेंटों में 'आम महोत्सव' आयोजित किए जा रहे हैं।
न्यूयार्क में पिछले हफ्ते आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग पहुंचे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष अमेरिका को भारत ने दस लाख डॉलर मूल्य के आम का निर्यात किया था।
'एग्रीकल्चर एंड प्रोसिड फूड एक्सपोर्ट डेवलेपमेंट अथारिटी' (एपीईडीए) के अध्यक्ष असित त्रिपाठी के अनुसार इस वर्ष भी भारत तकरीबन दस लाख डॉलर मूल्य के आमों का निर्यात करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम का मूल्य अधिक रहने के कारण इसकी ब्रिकी प्रभावित होगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष ही 18 साल बाद अमेरिका ने आम के आयात से प्रतिबंध उठाया था। इसके बाद एपीईडीए और अमेरिकी कृषि मंत्रालय के बीच एक समझौता भी हुआ।
समझौते के अनुसार भारतीय आम को अमेरिका भेजने से पहले उसकी जांच की जाएगी। भारत में इस प्रकार के जांच केंद्र केवल महाराष्ट्र में ही है। अमेरिका में भारत से पहुंचने वाले एक कार्टन आम का मूल्य 35 डॉलर होता है, वहीं दूसरी ओर मैक्सिको के आम का मूल्य मात्र दस डॉलर प्रति कार्टन होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।