पीएमसीएच के डाक्टरों का मुकदमा नहीं लड़ेंगे वकील
पटना, 7 जून (आईएएनएस)। बिहार में पटना व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता अब पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के जूनियर डाक्टरों के मुकदमे की पैरवी नहीं करेंगे। यह निर्णय शनिवार को पटना व्यवहार न्यायालय के बार एसोसिएशन की बैठक में लिया गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने बताया कि डाक्टरों का काम लोगों की सेवा करना है परंतु पीएमसीएच के जूनियर डाक्टर गुंडागर्दी पर उतर गए हैं। इन डाक्टरों ने पिछले एक सप्ताह के भीतर कई पत्रकारों एवं वकीलों के साथ मारपीट की है। इस घटना के विरोध में एसोसिएशन के वकीलों ने उक्त निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई अधिवक्ता उनके मामले की पैरवी करता है तो उसे बार ऐसोसिएशन से निष्काशित कर दिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि मीडियाकर्मियों को पीटने के आरोप में पीएमसीएच के 11 डाक्टर सहित 12 लोगों के खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है।
वरिष्ठ आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार ने आईएएनएस को बताया कि आरोपी जूनियर डाक्टरों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंद किशोर यादव ने आज पत्रकारों को बताया कि पीएमसीएच में डाक्टरों की गुंडागर्दी नहीं चलने दी जायेगी। इसके लिए कॉलेज ही क्यों न बंद करना पड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications