अब मैक्केन को चुनौती देंगे ओबामा

हिलेरी क्लिंटन ने गुरुवार को ई-मेल के माध्यम से अपने समर्थकों को ओबामा का समर्थन करने से संबंधित संदेश भेजा। अपनी हार मानने से हमेशा इंकार करती रही हिलेरी ने हिलेरी ने डेमोक्रेटिक पार्टी के कांग्रेस सदस्यों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के आग्रह पर ओबामा के समर्थन का निर्णय लिया, ताकि पार्टी अपने प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जॉन मैक्केन के खिलाफ ध्यान केंद्रित कर सके।
हिलेरी ने अपने संदेश में कहा, "मैंने अपने पूरे प्रचार अभियान के दौरान कहा था कि यदि ओबामा डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार घोषित होते हैं तो मैं उनका जोरदार समर्थन करुंगी। अब मैं अपने उस वादे को पूरा करने के लिए तैयार हूं।"
उन्होंने कहा, "हालांकि प्रचार अभियान के दौरान मैंने ओबामा के खिलाफ काफी कुछ कहा है, लेकिन ओबामा से मेरा मतभेद रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जॉन मैक्केन की तुलना में नगण्य है।"
यद्यपि डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने औपचारिक रूप से ओबामा का समर्थन नहीं किया और न ही हिलेरी से मुकाबले से हटने का आग्रह किया, लेकिन एक संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों को अब अपना ध्यान आम चुनाव की तरफ लगाने की आवश्यकता है।
डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष हावर्ड डीन, प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पोलेसी और सीनेट में बहुमत दल के नेता हैरी रीड द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पार्टी को एकजुट होकर पिछले आठ वर्षो से देश को कमजोर करने वाली बुश और मैक्केन की नीतियों के खिलाफ अभियान शुरू करना चाहिए।
हिलेरी द्वारा उपराष्ट्रपति पद का प्रस्ताव स्वीकार करने के बारे में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। हिलेरी के चुनाव अभियान के अध्यक्ष टेरी मैक्लिफ ने बुधवार को कहा कि उपराष्ट्रपति पद के प्रस्ताव के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है।
बराक ओबामा ने उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार को चुनने के लिए दिवंगत राष्ट्रपति जान कैनेडी की पुत्री कैरोलिन कैनेडी की अध्यक्षता में तीन सदस्यों की एक समिति बनाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications