हिंद्राफ नेता को अपने संबंधी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिली
कुआलालंपुर, 6 जून (आईएएनएस)। मलेशिया की जेल में बंद हिंदू राइट्स एक्शन फोर्स (हिंद्राफ) के नेता के. वसंत कुमार को उनके चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत दे दी गई।
कुमार के 58 वर्षीय चाचा वी. सीकांथन की पेनांग राज्य के बुटरवर्थ के अस्पताल में निमोनिया से मौत हो गई थी।
कुमार को हथकड़ी के साथ बंदीगृह से लाया गया था। उन्होंने गार्डो द्वारा हथकड़ी खोलने के बाद अपने चाचा के शव पर फूल चढ़ाएं और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कुमार ने अपनी 60 वर्षीय मां आर. मनोमहोनी और अपनी पत्नी के. विकनेश्वरी से भी मुलाकात की।
'द स्टार' अखबार में छपी खबरों के मुताबिक कुमार की मां ने कहा कि वह उन अधिकारियों की शुक्रगुजार हैं जिन्होंने उनके बेटे को उसके चाचा की अंत्येष्टि में शामिल होने की अनुमति दी है।
गौरतलब है कि कुमार के साथ हिंद्राफ के कुछ अन्य नेता भी आंतरिक सुरक्षा अधिनियम (आईएसए) के तहत दो साल के लिए जेल में बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications