आरक्षण का अंतिम समाधान निकालना ही होगा : शेखावत
लखनऊ, 6 जून (आईएएनएस)। पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत आरक्षण की समस्या का अंतिम समाधान चाहते हैं। उनका कहना है कि अब वह समय आ गया है जब सभी राजनीतिक दलों, केंद्र सरकार और सभी राज्य सरकारों को आरक्षण का अंतिम रूप से समाधान निकालने पर गंभीरता से विचार करनी चाहिए।
राजस्थान में फैली आरक्षण की आग को लेकर पूछे गए सवाल का सीधे जवाब देने से इंकार करते हुए शेखावत ने कहा कि इस बारे में तो सरकार अथवा गुर्जर नेता ही बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों में बात हो रही है लेकिन वह इसे बारे में कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा 'मैं अब किसी पार्टी का सदस्य भी नहीं हूं'।
शेखावत और नानाजी देशमुख आज गोण्डा जिले में जयप्रभा नगर नामक स्थान पर एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। लोकनायक जयप्रकाश नारायण और उनकी पत्नी प्रभावती के नाम पर ही संबंधित स्थान का नाम जयप्रभा नगर रखा गया है।
वहां से लौटकर वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टण्डन के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान शेखावत ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस समस्या को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। इसका हल मिलजुल कर निकालना होगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मेरी आयु अब 85 वर्ष की है। मै बहुत चुनाव लड़ चुका हूं। अब और चुनाव नहीं लड़ना चाहता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications