प्रधानमंत्री की नसीहत का असर, तीन मंत्रियों ने रद्द किए विदेश दौरे
नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों को फिजूलखर्जी कम करने व विदेश दौरों में कमी करने की जो नसीहत दी थी उसका असर आज ही देखने को मिल गया। केंद्र सरकार के तीन कैबिनेट मंत्रियों ने अपने विदेश दौरे रद्द कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा पंचायती राज मंत्री मणिशंकर अय्यर के अमेरिका और नार्वे दौरे की अनुमति न दिए जाने के बाद पर्यटन व संस्कृति मंत्री अंबिका सोनी और जहाजरानी मंत्री टी. आर. बालू और पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने अपने-अपने विदेश दौर रद्द कर दिए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने गुरुवार को सभी मंत्रियों को पत्र लिखकर उनसे फिजुलखर्जी कम करने व विदेश दौरों में कटौती करने की अपील की थी।
सरकार की इस पहल का सबसे पहला प्रभाव मणिशंकर अय्यर पर पड़ा। अय्यर को 13 दिनों के लिए अमेरिका और नार्वे के दौरे पर जाना था। उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से अपना दौरा रद्द करने को कह दिया गया ।
शुक्रवार को अंबिका सोनी और टी. आर. बालू ने भी अपने दौरे रद्द करने की घोषणा की। सोनी को 21 और 28 जून तक सेन फ्रांसिस्को और लास एंजिलस के दौरे पर जाना था जबकि बालू को फिनलैंड जाना था।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा को ग्रुप आठ के सदस्य देशों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अगले महीने टोक्यो जाना था लेकिन उन्होंने भी अपना दौरा रद्द कर दिया है।
कुछ समाचार चैनलों के मुताबिक वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम ने भी अपने दो दिवसीय विदेश दौरा रद्द कर दिया है। उन्हें 5 और 6 जून को स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय के दौर पर जाना था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications