स्कारलेट हत्याकांड : सीबीआई ने मामला दर्ज किया
नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। गोवा के अंजुना तट पर गत 18 फरवरी को मृत पड़ी मिली ब्रिटिश किशोरी स्कारलेट कीलिंग की हत्या के मामले में सीबीआई ने मामला दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि गोवा सरकार ने यह बहुचर्चित मामला सात मई को सीबीआई को सौंप दिया था। सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "सीबीआई ने गुरुवार को इस मामले के संबंध में एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली है। जांच के बाद आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।"
स्कारलेट की मां फियोना मेक्केवन ने अप्रैल में गोवा पुलिस पर इस मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया था उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की भी अपील की थी।
गौरतलब है कि स्कारलेट का शव अर्धनग्न अवस्था में गोवा के एक तट से बरामद किया गया था। बाद में पोस्टमार्टम में बलात्कार की पुष्टि हुई थी।
पुलिस ने इस मामले सेम्सन डी सूजा और प्लेसिडो कार्वालोह नाम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। वहीं दूसरी ओर पिछले सप्ताह स्कारलेट की मां फियोना ने कहा था कि उन्हें अपनी बेटी की हत्या के पीछे किसी ताकतवर व्यक्ति का हाथ होने के बारे में पता चला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications