कांग्रेस से गलबहियों पर अमर सिंह का यू-टर्न
नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी से गलबहियां करने के स्पष्ट संकेतों के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने आज अचानक यू-टर्न ले लिया। पार्टी ने फिर से तीसरे मोर्चे का राग अलापना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस पार्टी से बढ़ती करीबियों को नकारते हुए सपा महासचिव अमर सिंह ने आज एक बार फिर तीसरे मोर्चे का राग अलापा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी वामपंथी दलों के साथ मिलकर गैर-कांग्रेसी और गैर-भाजपाई सरकार बनाने के विकल्प पर काम करेगी।
अमर सिंह ने आज दिल्ली में यह घोषणा की संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन (यूएनपीए) के घटक दल जुलाई के पहले सप्ताह में बैठक कर लोकसभा चुनावों की रूपरेखा तैयार करेंगे।
सिंह ने केंद्र सरकार पर आम आदमी के हित में कोई भी कदम न उठाने और व्यवसायिक घरानों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। पेट्रो पदार्थो की कीमतों में हुई वृद्धि को उन्होंने आम आदमी के हित के खिलाफ उठाया गया कदम करार दिया।
उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख मुलायाम सिंह यादव ने मूल्य वृद्धि के फैसले के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के संबंध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव प्रकाश करात और तेलगुदेश पार्टी (टीडीपी) के सुप्रीमो एन. चंद्रबाबू नायडू से बात की है।
अमर सिंह से जब यह पूछा गया कि क्या कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच किसी प्रकार का कोई समझौता हुआ तो है तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने लखनऊ में स्पष्ट कर दिया है कि दोनों दलों के बीच कोई समझौता नहीं है।
मुलायम सिंह यादव और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती की हुई मुलाकात को अमर सिंह ने राजनीतिक और संवैधानिक जरूरत का हिस्सा बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications