त्रिपुरा में बंधक रेलवे इंजीनियर को छुड़ाया, 16 अलगाववादियों ने किया आत्मसमर्पण
अगरतला, 6 जून (आईएएनएस)। त्रिपुरा में सुरक्षा बलों ने जनजातीय अलगाववादियों के पास 40 दिनों तक बंधक रहे रेलवे के एक इंजीनियर को छुड़ा लिया है।
पुलिस प्रवक्ता नेपाल दास ने बताया कि गुरुवार को त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (टीएसआर) के जवानों और नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के अलगाववादियों के बीच कई राउंड गोलियां चलीं।
दास के मुताबिक 40 मिनट के बाद एनएलएफटी के अलगाववादी रेलवे इंजीनियर देबब्रत दास को छोड़कर भाग गए।
उल्लेखनीय है कि रेलवे के एक कर्मचारी की हत्या करने के बाद एनएलएफटी के अलगाववादियों ने देबब्रत का अपहरण 26 अप्रैल को पश्चिम त्रिपुरा के तुइकार्मा से उस समय कर लिया था जब वे रेलवे के एक निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
इस बीच त्रिपुरा में एनएलएफटी के 16 अलगाववादियों ने गुरुवार को सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने के पहले ये अलगाववादी बांग्लादेश की चटगांव पहाड़ी में रह रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications