164 भारतीयों को यूरोपीय संघ छात्रवृत्ति
ब्रसेल्स, 6 जून (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ द्वारा वर्ष 2008-2009 के लिए प्रदान की गई 'इरासमुस मुंडुस' छात्रवृत्ति प्राप्त करने वालों में इस बार 164 भारतीय भी शामिल हैं।
इस बार यह छात्रवृत्ति गैर यूरोपीय देशों के दो हजार छात्रों और 450 शिक्षकों को दिया गया है। 'ईयूएशिया न्यूज' के अनुसार छात्रवृत्ति प्राप्त करने वालों में 164 भारतीय शामिल हैं।
गौरतलब है कि यह छात्रवृत्ति यूरोप के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान 'कोन्सोट्रीया ऑफ यूरोपियन' द्वारा प्रदान की जाती है। इसके जरिए एक या दो वर्ष के मास्टर डिग्री की पढ़ाई की जाती है। इस पाठ्यक्रम का नाम 'इरासमुस मुडुंस' है।
इस पाठ्यक्रम की सबसे प्रमुख विशेषता यह है कि छात्रवृत्ति धारक विभिन्न यूरोपीय देशों में स्थित विश्वविद्यालयों में से किसी दो में एक साथ पढ़ाई कर सकते हैं। इस व्यवस्था से उन्हें यूरोपीय संस्कृति, भाषा और शैक्षणिक व्यवस्था को समझने का मौका मिलता है।
गौरतलब है कि 'इरासमुस मुंडुस' यूरोपीय संघ का एक कार्यक्रम है जिसकी शुरुआत वर्ष 2004 में की गई थी। वर्ष 2005-2009 में यूरोपीय संघ ने भारतीय स्नातकोत्तर छात्रों के लिए 3.3 करोड़ यूरो की राशि आवंटित की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications