बिहार के सिवान में दो भाइयों की आपसी विवाद में मौत
पटना, 6 जून (आईएएनएस)। बिहार के सिवान जिले में ताड़ी पीने को लेकर हुए आपसी विवाद में आज दो भाइयों की मौत हो गई। यह घटना मैरवा थाना के सेमरा गांव में घटी।
बताया जाता है कि गुरुवार देर रात दोनों भाई उपेन्द्र राम और वीरेन्द्र राम अपने एक संबंधी के साथ एक दूकान पर ताड़ी पीने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों आपस में ही उलझ गए। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वीरेन्द्र राम ने वहां रखे एक धारदार हथियार से उपेन्द्र राम पर वार कर दिया। इससे उपेन्द्र राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दूकान में उपस्थित कुछ लोगों ने उसी हथियार से वीरेन्द्र राम पर हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। उसके बाद वीरेन्द्र को मैरवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां आज उसकी भी मौत हो गई।
सिवान के जिला पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में मैरवा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार को पुलिस ने बरामद कर लिया है तथा इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications