येदियुरप्पा ने विश्वास मत जीता, कांग्रेस ने किया वाकआउट
बंगलौर, 6 जून (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली कर्नाटक की पहली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने आज विधानसभा में आसानी से अपना विश्वास मत हासिल कर लिया।
मुख्यमंत्री द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव लगभग दो घंटे की बहस के बाद ध्वनि मत से पारित हो गया। इससे पहले कांग्रेस के सभी 80 विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया। अन्य विपक्षी दल जनता दल सेक्युलर के सदस्य इस दौरान सदन में बैठे रहे।
विश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा, "सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों की संख्या लगभग एक समान है इसलिए यह जरूरी है कि सभी दल मिलकर कर्नाटक के सर्वागिण विकास में एक दूसरे का सहयोग करें।"
विश्वास प्रस्ताव पेश होने से पहले राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर ने विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने येदियुरप्पा सरकार के विकासात्मक कार्यो की रूपरेखा प्रस्तुत की।
उल्लेखनीय है कि 225 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में भाजपा के 110 और कांग्रेस के 80 सदस्य हैं। येदियुरप्पा सरकार को छह निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*