माया सरकार ने खागा को कौशाम्बी में शामिल करने का फैसला वापस लिया
लखनऊ, 6 जून (आईएएनएस)। लगातार हो रहे विरोध ने मायावती सरकार को 'बैक फुट' पर ला दिया है। प्रदेश सरकार ने फतेहपुर जिले की खागा तहसील को कौशाम्बी में शामिल करने का फैसला वापस ले लिया है। संभावना है कि नवगठित कांशीराम नगर जिले में सोरों तहसील को समाप्त किए जाने का फैसला भी वापस हो जाए।
प्रदेश के राजस्व मंत्री फागू चौहान ने आईएएनएस को बताया कि अब खागा तहसील पूर्ववत फतेहपुर जिले में बनी रहेगी। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में खागा को कौशाम्बी जिले में शामिल किए जाने और फतेहपुर में रामपुर थरियांव नाम से नई तहसील बनाने का निर्णय किया था। इस निर्णय का स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा था।
पिछले अप्रैल माह में कांशीराम नगर जिला सृजित करने के बाद सरकार ने पहले सोरों को तहसील बनाने का निर्णय किया था लेकिन फिर सोरों को तहसील न बनाने का फैसला करते हुए सहावर को तहसील बनाने का निर्णय किया गया।
सोरों को तहसील न बनाए जाने से नाराज लोग इस निर्णय के विरोध में सड़कों पर उतर आए। इस दौरान 30 मई को हुई पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि कुछ घायल भी हुए थे। पिछले आठ दिनों से सोरों कस्बे में कर्फ्यू जैसा माहौल है।
राजस्व मंत्री ने बताया कि सोरों के मामले की अद्यतन स्थिति जानने कि लिए प्रमुख सचिव राजस्व से रिपोर्ट मांगी गयी है और इस रिपोर्ट के आने के बाद ही सोरों के बारे में कोई निर्णय किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications