नक्सलियों ने बस्तर में हजारों गांवों को अंधेरे में झोंका
रायपुर, 6 जून (आईएएनएस)। बस्तर के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा शुक्रवार तड़के दो हाईटेंशन विद्युत टॉवरों को निशाना बनाने से बस्तर संभाग के चार जिले अंधकार में डूब गये।
बीजापुर दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर जिले के तीन हजार से अधिकार गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई है।
हवाई सर्वेक्षण से पता चला कि नक्सलियों ने हाईटेंशन के टॉवर क्रमांक 717 को पूरी तरह ढहा दिया है तथा दूसरे टॉवरों को भी आंशिक क्षति पहुंची है। बिजली चली जाने की वजह से लोग दिन भर गर्मी से परेशान रहे। साथ ही पेयजल सहित अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा।
बस्तर के कमिश्नर गणेश शंकर मिश्रा ने सभी जिला कलेक्टरों तथा पुलिस अधीक्षकों को तत्काल अपने-अपने इलाकों में जनरेटरों की व्यवस्था कर आवश्यक सेवाएं बहाल करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इस घटना की निंदा की है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पुलिस सुरक्षा में नई लाईन बिछाने का काम शुरू होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications