रावलपिंडी में छह आतंकवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त
इस्लामाबाद, 6 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर से पुलिस ने बम विस्फोट की योजना बना रहे छह आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटकों को भी जब्त किया गया है।
प्रधानमंत्री के सुरक्षा सलाहकार रहमान मलिक ने कहा कि गुरुवार को यह गिरफ्तारियां की गई हैं। मलिक के मुताबिक यह मामला इतना ज्यादा संवेदनशील है कि इसका पूरा ब्योरा नहीं दिया जा सकता।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में धूक काला खान क्षेत्र में एक वाहन से विस्फोटकों की बरामदगी की गई। फिर उसी क्षेत्र से दो वाहनों को भारी मात्रा में विस्फोटकों, डेटोनेटरों और स्वचालित राइफलों के साथ जब्त किया गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक इस अधिकारी ने शुरुआती जांच के बाद यह दावा किया कि इन आतंकवादियों की योजना रावलपिंडी स्थित राष्ट्रपति मुशर्रफ के निवास पर हमला करने की थी।
लेकिन शहर के पुलिस प्रमुख राव मुहम्मद इकबाल ने इस दावे को खारिज कर दिया। राव ने कहा कि जांच चल रही है और उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications