शेयर बाजारों में भारी गिरावट, सेंसेक्स 447 अंक लुढ़का (लीड-2)
मुंबई, 4 जून (आईएएनएस)। पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में हुई वृद्धि और मुद्रास्फीति में और इजाफे की संभावना ने शेयर बाजारों पर अपना असर दिखाया और सेंसेक्स आज 447.77 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ।
मुंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज 30.34 अंकों की बढ़त के साथ 15,992.90 पर खुला। दिन भर गिरावट के साथ कारोबार करने के बाद यह शाम को 447.77 अंक गिरकर 15,514.79 पर बंद हुआ। इस दौरान सेंसेक्स ने 15,992.90 की ऊंचाई को छुआ और यह एक बार 15,442.34 के निचले स्तर पर जा पहुंचा था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' 2.80 अंकों की गिरावट के साथ 4,715.90 पर खुला और शाम को यह 130 अंक गिरकर 4,585.60 पर बंद हुआ।
इससे पहले आज सुबह शेयर बाजारों में मिलीजुली शुरुआत हुई थी लेकिन कारोबार शुरु होने के तुरंत बाद उसमें गिरावट का दौर चालू हो गया।
गौरतलब है कि आज सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के घाटे को पाटने के लिए पेट्रोल व डीजल की कीमतों में प्रति लीटर क्रमश: पांच व तीन रुपये और रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में प्रति सिलेंडर 50 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की। कीमतें आज आधी रात से लागू हो जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications