मायावती सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है: दिग्विजय सिंह
लखनऊ, 4 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तरप्रदेश के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि मायावती सरकार प्रशासनिक अस्थिरता और भ्रष्टाचार की शिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच किसी समझौते को लेकर कोई संवाद नहीं हो रहा है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मूल्य वृद्घि को जिम्मेदार ठहराया।
बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने मायावती की इस बात को लेकर आलोचना की कि वह किसी भी मुद्दे को सही फोरम पर नहीं उठाती हैं। उन्होंने कहा कि मायावती ने 85 हजार करोड़ रुपये का पैकेज मांग तो लिया है लेकिन क्या वह कभी योजना आयोग की बैठक में जाती हैं? वह सिर्फ कागजों और अखबारों के जरिए मुद्दे को विवादित बनाती हैं।
सिंह ने कहा कि मैं भी दस साल तक मुख्यमंत्री रहा हूं और यह जानता हूं कि मुख्यमंत्री की क्या जिम्मेदारियां होती हैं। मायावती ने आज तक कभी भी प्रदेश के सांसदों की बैठक बुलाकर उनसे विकास संबंधी योजनाओं की बाबत कोई बात नहीं की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "प्रदेश में प्रशासनिक अस्थिरता है। मुख्य सचिव को गलत काम करने के लिए मजबूर किया जाता है, जिसका नतीजा यह होता है कि वह सेवा से ही अलग हो जाते हैं।"
उन्होंने कहा कि नरेगा में लोगों के 'जॉब कार्ड' नहीं बन रहे हैं और गरीबी रेखा से नीचे रहने वालों के लिए 'बीपीएल कार्ड' बनाने में भी धांधली हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।