पेट्रोलियम की कीमतों में वृद्धि से उत्पादन लागत बढ़ेगा : उद्योग जगत
भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में की गई वृद्धि का असर उद्योगों में उत्पादित माल की लागत पर भी पड़ेगा। उद्योगजगत से जुडे लोगों का मानना हैं कि उत्पादन लागत बढ़ने से कीमत बढ़ेगी और आखिर में इसका असर उपभोक्ता पर ही पड़ेगा।
पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में हुई वृद्धि को पी़ एच़ डी़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय निदेशक राजेन्द्र कोठारी ने महंगाई को और बढ़ाने वाला बताया हैं। उन्होंने कहा हैं कि जब उद्योंगों की उत्पादन लागत बढ़ेगी तो स्वाभाविक हैं कि माल की कीमत में बढोतरी होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि उद्योगपति लागत में हुई वृद्धि को उपभोक्ता से ही वसूलेगा।
उनका मानना हैं कि मध्य प्रदेश में इस वृद्धि को कुछ नियंत्रित किया जा सकता हैं क्योंकि डीजल पर लगने वाले कर को सरकार कम कर सकती हैं। वर्तमान में डीजल पर लगने वाला कर मध्य प्रदेश में अन्य राज्यों की तुलना में अधिक हैं।
मंडीदीप उद्योग संघ के अध्यक्ष संजय खंडेलवाल कहते हैं कि पेट्रोलियम पदार्थो की कीमत बढ़ने का असर आम आदमी की जिन्दगी पर पड़ेगा। एक तरफ उत्पादन लागत बढ़ेगी तो परिवहन व्यय भी बढ़ना तय हैं। इस व्यय की वसूली तो जनता से ही होगी। जो उद्योग पेट्रोलियम पदार्थ आधारित हैं उनमें लागत में 10 प्रतिशत तक का इजाफा हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications