नागालैंड में गुटीय झड़पों में 12 अलगाववादी मरे
दीमापुर, 4 जून (आईएएनएस)। नागालैंड में आज दो विरोधी गुटों के बीच हुई झड़प में जनजातीय समुदाय के 12 अलगाववादी मारे गए जबकि एक घायल हो गया है।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को दीमापुर से 15 किलोमीटर दूर नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड(एनएससीएन) के दो धड़ों के बीच हुई झड़प में 12 अलगाववादियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया है।
दीमापुर के पुलिस प्रमुख लिरेमो लोथा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "एनएससीएन की इसाक-मुईवा(आईएम) और यूनिफिक्शन(यू) के बीच चार घंटों तक चली झड़प में 12 अलगाववादियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया है।"
पुलिस अधिकारी का कहना है कि दोनों गुटों के बीच क्षेत्रीय प्रभुत्व को लेकर झड़प हुई है। फिलहाल पुलिस ने अलगाववादियों की धर पकड़ के लिए इलाके में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि गत माह भी इन दोनों गुटों के बीच हुई झड़प में 12 अलगाववादी मारे गए थे। लोथा ने कहा, "अभी हम लोग यह जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं कि मारे गए अलगाववादी किस गुट से संबंधित हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications