विकास कार्यो में हुई हेराफेरी तो अधिकारियों पर गिरेगी गाज : मायावती
लखनऊ, 3 जून (आईएएनएस)। विकास कार्यो की रिपोर्ट और जमीनी हकीकत में फर्क पाए जाने से नाराज उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कहा है कि अगर हालत नहीं सुधरी तो अगली समीक्षा बैठक में बड़े-बड़े अधिकारियों पर गाज गिरेगी।
मुख्यमंत्री ने आज विधान भवन स्थित तिलक हाल में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। गांवों की स्थिति अब भी दयनीय बनी हुई है।
मायावती ने कहा कि सरकार ने हर गांव में एक सफाईकर्मी नियुक्त करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि दो माह के अंदर इस घोषणा का अनुपालन सुनिश्चित कर लिया जाना चाहिए। उन्होंने अपने प्रमुख सचिव शैलेश कृष्ण को इसकी जिम्मेदारी सौंपी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में परिसीमन लागू कर दिया गया है। इसके तहत 300 मतदाताओं पर एक चुनाव केंद्र बनाया जाना है। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव केंद्र दबंगों के क्षेत्रों में बनाए जाते थे जिसके कारण दलित वर्ग के लोग वोट नहीं डाल पाते थे।
मायावती ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव केंद्र ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं जहां गरीब एवं दलित वर्ग के मतदाता बिना खौफ के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने प्रमुख सचिव गृह कुंवर फतेह बहादुर को हर 15 दिन में इसकी समीक्षा के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को जागरूक करके जमाखोरी पर रोक लगाने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने आवश्यक वस्तु अध्ििनयम की धार 3/7 को स्थगित कर दिया गया है और व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। महंगाई बढ़ने का नाजायज फायदा न उठाया जा सके यह सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव हर महीने मूल्य वृद्घि की समीक्षा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications