भोपाल में फोन पर मिलेंगे पौधे!
भोपाल, 3 जून (आईएएनएस) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को हरा भरा बनाने के लिए वन विभाग ने 5 जून को मनाए जाने वाले पर्यावरण दिवस पर फोन के माध्यम से पौधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसके लिए पूरे शहर में छह वाहन दौड़ते रहेंगे और जहां से भी फोन आएगा वहां वन विभाग का अमला पौधा पहुंचाने का काम करेगा।
भोपाल शहर हरियाली से आच्छादित रहे और पर्यावरण दुरूस्त रहे इसके लिए वन विभाग विशेष एक दिवसीय अभियान चलाने वाला है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस दिन छह मोबाइल वाहन अलग अलग स्थानों पर दौड़ते रहेंगे, वहीं पांच स्टाल बनाए जाएंगे। इन दोनों स्थानों से निर्धारित शुल्क पर पौधों का वितरण और रोपण भी किया जाएगा।
वन विभाग ने इस अभियान के लिए कोई लक्ष्य तय नहीं किया है, फिर भी उसकी कोशिश यही रहेगी कि उसके इस प्रयास में शहर के ज्यादा से ज्यादा लोगों की हिस्सेदारी रहे। विभाग के कर्मचारी पौधों के विक्रय के साथ गड्ढों की खुदाई कर पौधों का रोपण भी करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications