आरुषि हत्याकांड : तलवार सीबीआई हिरासत में, अनीता दुर्रानी से पूछताछ (लीड-2)
नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। बहुचर्चित आरुषि हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को नोएडा स्थित राजेश तलवार के घर की गहन तलाशी ली और तलवार की मित्र अनीता दुर्रानी व अन्य से पूछताछ की है। उधर अदालत ने राजेश तलवार को आज एक दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई पूछताछ के दौरान दुर्रानी ने तमाम आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह तलवार परिवार को अपने परिवार की तरह ही मानती हैं।
इस बीच सीबीआई ने तलवार के ड्राइवर उमेश शर्मा से भी पूछताछ की। उमेश का कहना है कि उसने 15 मई की रात आरुषि को तलवार दंपति के साथ घर में खाना खाते हुए देखा था। गौरतलब है कि अगले दिन सुबह अरुषि का शव मिला था।
सीबीआई ने तलवार की नौकरानी से भी पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक 16 मई को सबसे पहले नौकरानी ही तलवार के घर पहुंची थी।
उधर नोएडा की अदालत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ए. के. सिंह ने आरुषि के पिता राजेश तलवार को आज एक दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई तलवार को सात दिनों तक हिरासत में रखना चाहती थी, लेकिन अदालत ने केवल एक दिन हिरासत में रखने की अनुमति दी। साथ ही अदालत ने कहा है कि तलवार से पूछताछ के दौरान उनके वकील मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने रविवार को इस मामले की जांच शुरू की थी।
तलवार दंपति के घर की तलाशी लेने वाली सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम के साथ पत्थर काटने वाला एक कर्मचारी भी था जिसने एक कमरे की छत की दीवार के रक्तरंजित हिस्से को काट कर अलग कर लिया। इसके अलावा एक अपराध विशेषज्ञ ने घर की छत, तीन बेडरूम, सीढ़ियां और दरवाजों का निरीक्षण किया।
सीबीआई की टीम सोमवार की दोपहर एक बजे नोएडा के जलवायु विहार स्थित तलवार के घर पहुंची और तीन घंटे तक तलाशी का काम चलता रहा। इस दौरान टीम ने खून के कुछ नमूनों समेत अन्य साक्ष्य इकट्ठे किए।
तलवार के वकील ने अदालत में कहा कि वह इस मामले में आरोपी नहीं है क्योंकि सीबीआई ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उधर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री रेणुका चौधरी और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के बीच इस मामले में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। मायावती ने रेणुका पर इस मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है जबकि रेणुका का कहना है वह इस मामले को एक मां के रूप में देखती हैं और मायावती को भी यही नजरिया रखना चाहिए।
गौरतलब है कि 16 मई को राजेश तलवार और नूपुर तलवार की बेटी और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की कक्षा नौ की छात्रा आरुषि अपने घर में मृत पाई गई थी।
इसके दूसरे दिन ही तलवार परिवार का घरेलू नौकर हेमराज भी मृत पाया गया था। इसके बाद 23 मई को नोएडा पुलिस ने आरुषि के पिता राजेश तलवार को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications