भूख मिटाने के लिए सालाना 30 अरब डालर की जरूरत (लीड)
रोम, 3 जून (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र खाद्य व कृषि संगठन (एफएओ) ने बुधवार को विश्व नेताओं से सालाना 30 अरब डालर उपलब्ध कराने की अपील की है कि ताकि वैश्विक स्तर पर भविष्य में खाद्यान्न को लेकर संघर्ष की स्थिति को टाला जा सके।
वर्तमान खाद्यान्न संकट के निदान को लेकर रोम में आयोजित सम्मेलन में दिए गए अपने भाषण में एफएओ के महानिदेशक जैक्स डायफ ने रेखांकित किया कि वर्ष 2006 के दौरान वैश्विक स्तर पर कुल 1,200 अरब डालर हथियारों की खरीद पर खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि किसी एक देश में खाद्यान्न की बर्बादी से 100 अरब डालर का नुकसान हो सकता है जबकि वैश्विक स्तर पर अत्यधिक खपत खर्च में 20 अरब डालर तक बढ़ोतरी कर सकता है।
जैक्स के अनुसार ऐसी स्थिति में यह कहना तर्कसंगत नहीं होगा कि वैश्विक स्तर पर कुल 86.20 करोड़ लोगों की भूख मिटाने के लिए प्रतिवर्ष 30 अरब डालर की राशि उपलब्ध नहीं कराई जा सकती। उनके मुताबिक खाद्य सुरक्षा के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर खाद्यान्न के उत्पादन में बढ़ोतरी के साथ ही निम्न आय व खाद्यान्न संकट से सर्वाधिक जूझ रहे देशों में उत्पादकता बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 में हुए विश्व खाद्य सम्मेलन के दौरान संगठन ने इस बात के प्रति वचनबद्धता दोहराई थी कि वर्ष 2015 तक वैश्विक स्तर पर भुखमरी में 50 फीसदी की कमी लाने के लिए संगठन विकासशील देशों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएगा लेकिन आज की स्थिति में इसमें कमी के बजाए और वृद्धि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications