वाडिया के साथ झगड़े के बाद मोहाली के एसएसपी छुट्टी पर
चंडीगढ़, 3 जून (आईएएनएस)। पंजाब सरकार ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रणबीर सिंह खत्रा को एक महीने की छुट्टी पर जाने को कहा है। रनबीर को यह आदेश उद्योगपति और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की किंग्स इलेवेन पंजाब टीम के मालिक नेस वाडिया से सार्वजनिक झगड़े के बाद दिया गया है।
खत्रा और वाडिया के बीच 23 मई को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के मैदान में उस समय झगड़ा हो गया था जब वाडिया ने आरोप लगाया था कि पंजाब पुलिस टिकटों की अवैध बिक्री कर रही है और उसने टीम के टी-शर्ट और शराब की बोतलों की चोरी की है।
खत्रा ने वाडिया के दुर्व्यवहार की शिकायत पंजाब सरकार और पुलिस के आला अधिकारियों से की थी।
खत्रा ने दावा किया था कि वाडिया ने उनसे कहा, "मैं तुम जैसे छोटे-मोटे लोगों के मुंह नहीं लगता हूं।"
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवाद के बाद उन्होंने एक महीने के लिए अमेरिका जाने के लिए छुट्टी का आवेदन किया था जो उन्हें तत्काल प्रदान कर दी गई।
गौरतलब है कि खत्रा को सत्तारुढ़ अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल का नजदीकी माना जाता है। बादल राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पुत्र हैं।
खत्रा ने आईपीएल के आयुक्त ललित मोदी के खिलाफ भी पीसीए स्टेडियम में सिगरेट पीने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications