अधूरी तैयारी के कारण कर्नाटक में हारः राहुल

उन्होंने कहा कि अगर पार्टी के लोग और अधिक प्रयास करते तो चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करती। राहुल गांधी ने देश में युवक कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया। कांग्रेस कार्यकारिणी की हाल में संपन्न बैठक को अनुपयोगी व बेनतीजा ठहराए जाने के आरोप पर राहुल गांधी ने टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
गांधी ने कहा कि युवक कांग्रेस के संबंध में आप ऐसा नहीं कह सकते कि पुरानी बोतल में नई शराब भर दी गई है। चुनाव में टिकटों के बंटवारे के मुद्दे पर गांधी ने संवाददाताओं के प्रश्नों के जवाब में कहा कि मेरा मानना है कि टिकटों का बंटवारा पहले ही तय कर लिया जाना चाहिए ताकि उम्मीदवार को पर्याप्त तैयारी के लिए समय मिले।
राहुल गांधी की पहल पर अमेठी में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान उनके अलावा रार्बट बढेरा, प्रियंका बढेरा व सचिन तेंदुलकर भी मौजूद थे। सचिन तेंदुलकर की टूर्नामेंट में मौजूदगी के प्रश्न पर गांधी ने कहा कि सचिन क्रिकेट जगत के सम्मानीय खिलाड़ी हैं और हर खेल प्रेमी की ख्वाहिश होती है कि वह सचिन से मिले। उनके मुताबिक अगर उन्होंने अपने छोटे से संसदीय क्षेत्र के लोगों के बीच सचिन को बुला लिया तो क्या गुनाह किया?
अपने संसदीय क्षेत्र में टूर्नामेंट के आयोजन की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले सोचा था कि ग्रामीण खेलों यानी कबड्डी व खो-खो को लेकर टूर्नामेंट कराऊंगा लेकिन स्थानीय स्तर पर क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अपनी योजना में बदलाव करना पड़ा कि क्यों न इस खेल से संबंधित प्रतिभाओं को उभारने के लिए एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाए।
गांधी के मुताबिक उन्होंने टूर्नामेंट में लड़के व लड़कियों दोनों की भागीदारी की योजना बनाई थी लेकिन क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति लड़कियों की उदासीनता को देखते हुए लड़कियों को टूर्नामेंट से अलग करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
क्या इस तरह के टूर्नामेंट आगे भी नियमित अंतराल पर आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि मैं इस बारे में निश्चित रूप से नहीं कह सकता कि अगले वर्ष भी यह टूर्नामेंट होगा कि नहीं, लेकिन विश्वास दिलाता हूं कि भविष्य में भी ऐसे टूर्नामेंट का आयोजन होगा।
राहुल गांधी की पहल पर अमेठी में आयोजित इस टूर्नामेंट में संसदीय क्षेत्र की टीमों ने भाग लिया। 14 अप्रैल से शुरू हुए इस टूर्नामेंट का फाइनल तिलोई व संग्रामपुर प्रखंड के बीच सोमवार को खेला गया। रायबरेली के रहने वाले राष्ट्रीय टीम के सदस्य रुद्र प्रताप सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे। फाइनल मैच में संग्रामपुर ने तिलोई को 62 रनों से हरा दिया।
अमेठी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 127 जगहों पर खेले गए इस टूर्नामेंट में कुल 1,857 टीमों ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications