राव के इस्तीफे के बाद टीआरएस संकट में (लीड)
हैदराबाद, 3 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना क्षेत्र में हालिया दिनों हुए लोकसभा व विधानसभा के उपचुनावों में मिली पराजय के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के इस्तीफे ने पार्टी को मुश्किलों में डाल दिया है।
राव के इस्तीफे के बाद तेलंगाना क्षेत्र के नेताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। टीआरएस नेता व कार्यकर्ता अब राव पर इस्तीफा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं।
काफी मान-मनौव्वल के बाद राव बुधवार को हो रही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता करने को राजी हो गए हैं। यह बैठक उनके इस्तीफे पर विचार करने के लिए बुलाई गई थी लेकिन कार्यकारिणी के सदस्यों ने राव का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया है।
इससे पहले, राव ने आज अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के महासचिव मधुसूदन चारी को भेजा। राव ने कहा कि उन्होंने नैतिकता के आधार पर अपना त्यागपत्र दिया है। उन्होंने इस्तीफे को स्वीकार कर लेने की भी गुजारिश की है।
राव के इस्तीफे की खबर से बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता उनके निवास तेलंगाना भवन के पास इकट्ठा हो गए। अपने साथ पेट्रोल लाए उनके कुछ समर्थकों ने धमकाया कि इस्तीफा वापस न लेने पर वे आत्मदाह कर लेंगे।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा की दो सीटों और विधानसभा की नौ सीटों पर टीआरएस हार चुकी है। इस हार से टीआरएस प्रमुख राव काफी आहत थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications