फतेहपुर में तहसील मुद्दे पर पुलिस व लोगों में झड़प
फतेहपुर, 3 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के फतेहपुर जिले में आज एक तहसील को दूसरे जिले में शामिल करने के खिलाफ भीड़ में शामिल करीब 10 हजार लोगों ने हावड़ा-नई दिल्ली रेलमार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और भीड़ के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान भीड़ ने पुलिस के ऊपर पथराव किया।
फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्राधिकारी राधेश्याम राय ने आईएएनएस को बताया कि मायावती सरकार द्वारा हाल ही में फतेहपुर जिले की खागा तहसील को कौशाम्बी जिले में शामिल करने तथा इसकी जगह रामपुर थरियांव को नई तहसील बनाने का फैसला किया गया था। स्थानीय लोगों ने इस फैसले के खिलाफ खागा रेलवे स्टेशन पर हावड़ा-नई दिल्ली रेलमार्ग को जाम कर दिया लेकिन जल्द ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया और रेलमार्ग को खाली कराया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पथराव में कुछ पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों प्रदेश सरकार द्वारा कांशीनगर जिले की सोरो तहसील को समाप्त करके पास ही के सहावर थाना क्षेत्र को तहसील बनाने का फैसला किया था। इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। इस दौरान आगजनी व हिंसा की वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications