गिरफ्तारी के बाद मंत्रिमंडल से हटाए गए असम के शिक्षा मंत्री (लीड)
नई दिल्ली/गुवाहाटी, 3 जून (आईएएनएस)। असम के शिक्षा मंत्री रिपुन बोरा को राजधानी दिल्ली में आज केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रंगे हाथों घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तत्काल बाद असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल से हटा दिया।
भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत गिरफ्तार किए गए बोरा के बारे में सीबीआई ने कहा, "बोरा को सीबीआई के एक अधिकारी को एक लाख रुपये रिश्वत देने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।"
एक सरकारी यात्रा पर दिल्ली आए मुख्यमंत्री गोगोई ने आईएएनएस को कहा, "मैंने बोरा को मंत्रिमंडल से बाहर करने का फैसला किया है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी अब मेरे पास रहेगी।"
सूत्रों के मुताबिक गुवाहाटी की एक असमिया अखबार के पत्रकार को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया है। रमेश माहेश्वरी नाम के एक व्यवसायी को भी हिरासत में लिया गया है।
ज्ञात हो कि वर्ष 2000 में कांग्रेसी नेता डेनियल टोपनो की हत्या के मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई इस हत्याकांड में बोरा की भूमिका की जांच कर रही थी।
इस बीच, असम के विपक्षी दलों ने इस मामले की कड़ी निंदा की है।
असम गण परिषद के उपाध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा, "असम के इतिहास में यह पहली ऐसी घटना हुई है।"
राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इकाई ने तो मुख्यमंत्री गोगोई के इस्तीफे की मांग की है। राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता चरण डेका ने कहा कि मुख्यमंत्री को भी इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications