बांग्लादेश में दस हजार से ज्यादा राजनीतिक कार्यकर्ता गिरफतार
ढाका, 3 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में पिछले तीन दिनों में दस हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सरकार प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के विरोध के बावजूद देश में राजनीतिक वार्ता जारी रखने की कोशिश कर रही है।
राजनीतिक नेताओं और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इन गिरफ्तारियों को विरोध किया है, जबकि गृह मामलों के सलाहकार एम ए मतीन ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा है कि आम चुनावों से पहले बिगड़ती कानून व्यवस्था को दुरुस्थ करने के लिए ऐसा किया जाना जरूरी था और सुरक्षा बलों से शरारती तत्वों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया था।
बांग्लादेश में चुनाव इस वर्ष दिसंबर में कराए जाने हैं, लेकिन राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की वजह से जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और खालिदा जिया को चुनाव अक्टूबर या नवंबर में कराने की मांग करने का मौका मिल गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से ज्यादातर हसीना और खालिदा की पार्टियों और उनके प्रमुख संगठनों के कार्यकर्ता हैं।
इस बीच, अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार फखरुद्दीन अहमद ने गिरफ्तारियों और चुनाव के बीच संबंधों से इंकार नहीं किया है, लेकिन साथ ही कहा है कि किसी को भी राजनीतिक कारण से गिरफ्तार नहीं किया गया।
हसीना की अवामी लीग और खालिदा की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी-बीएनपी के सदस्य अपनी नेताओं की रिहाई की मांग कर रहे हैं और उनके इस संघर्ष में जमात ए इस्लामी भी शामिल हो गयी है जिसके प्रमुख मतिउर रहमान निजामी को भी पिछले महीने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि निजामी की अगुवाई वाले इस्लामिक ओइकिया जोट ने सरकार के साथ बातचीत में शामिल होने का फैसला लिया है। इस बीच सरकार ने भी साफ किया है कि वह इच्छुक दलों से बातचीत जारी रखेगी, जबकि हसीना ने कहा है कि सरकार की इस कोशिश का नाकाम होना तय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस












Click it and Unblock the Notifications