कोलकाता का लेजर पार्क 'हैरी पोटर लैंड' की नकल नहीं : मानिक सरकार
शिकागो, 3 जून (आईएएनएस)। कोलकाता में विश्व के पहले लेजर पार्क की तैयारी में जुटे महान जादूगर पी. सी. सरकार के बेटे मानिक सरकार ने कहा कि यह पार्क 'हैरी पोटर लैंड' की नकल नहीं होगी।
शिकागो, 3 जून (आईएएनएस)। कोलकाता में विश्व के पहले लेजर पार्क की तैयारी में जुटे महान जादूगर पी. सी. सरकार के बेटे मानिक सरकार ने कहा कि यह पार्क 'हैरी पोटर लैंड' की नकल नहीं होगी।
अमेरिका में रहने वाले मानिक सरकार ने कहा कि यह पार्क मनोरंजन केंद्र होने के साथ-साथ जानकारियों का भी केंद्र होगा। गौरतलब है कि मानिक सरकार इस पार्क की स्थापना पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर करेंगे।
डेनवर में रहने वाले मानिक सरकार ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "कोलकाता का लेजर पार्क हैरी पोटर लैंड की नकल नहीं होगी। मेरा लक्ष्य एक ऐसे पार्क की स्थापना करना है जहां लोग परिवार के साथ सुबह से लेकर शाम तक आनंद उठा सकें।"
सरकार ने कहा, "इस पार्क में लोग दिन में विभिन्न कला दिर्घाओं में घूमकर आनंद उठा पाएंगे वहीं शाम में वे जादू की एक अलग दुनिया और से रूबरू होंगे। साथ ही यहां घूमने आए लोग मेरे पिता के जादू कार्यक्रमों को भी देख पाएंगे।"
उन्होंने कहा कि प्रस्तावितत 'लेजर गेलेक्सी' छह एकड़ में फैला होगा, जिसमें लेजर संस्थान के लिए बहुमंजिली इमारत, कला दीर्घा, प्रयोगशाला, तारामंडल आदि रहेंगे। यहां 4,500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
इस प्रस्तावित लेजर पार्क में कृत्रिम पहाड़ और पेड़ भी मौजूद होंगे। लेजर तकनीक के जरिए यहां कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि इस पार्क की स्थापना में 1.5 अरब रुपये खर्च होंगे। इसके लिए निजी निवेशकों से पैसे इकट्ठे किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications