दुनिया में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की रणनीति ईरान के पास :अहमदीनेजाद
तेहरान, 3 जून (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने मंगलवार सुबह संयुक्त राष्ट्र खाद्य सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने के लिए रोम रवाना होने से पहले कहा कि उनकी सरकार के पास पूरी दुनिया में खाद्यान्नों का सही वितरण सुनिश्चित करने की योजना है।
अहमदीनेजाद ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि ईरान के पास पूरी दुनिया में अनाज के उत्पादन और वितरण की स्पष्ट रणनीति, प्रस्ताव और योजना है, जो आज दुनिया के सामने मुंह बाए खड़े खाद्य संकट से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
विश्व के नेता अंतर्राष्ट्रीय खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) के तीन दिवसीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए रोम में एकत्र हो रहे हैं। सम्मेलन में धरती के बढ़ते तापमान और जैव ईंधन का उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि भूमि की बढ़ती मांग के कारण विश्व खाद्य सुरक्षा पर आए संकट पर चर्चा होगी।
अहमदीनेजाद ने कहा कि वह सम्मेलन में दुनिया के नेताओं के साथ मिलकर वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। लेकिन ईरानी राष्ट्रपति की पोप बेनेडिक्ट 16 वें के साथ पूर्व निर्धारित मुलाकात वेटिकन ने रद्द कर दी है।
अहमदीनेजाद की जून 2005 के बाद से यूरोपीय संघ के किसी सदस्य राष्ट्र की यह पहली और न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में शामिल होने के बाद पश्चिम की दूसरी यात्रा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications