स्कॉटलैंड की फैशन श्रृंखला का खरीददार निकला 'एस कुमार'
ग्लासगो, 3 जून (आईएएनएस)। स्कॉटलैंड की एक खस्ताहाल फैशन श्रृंखला की बिक्री के एक महीने बाद उसके रहस्यमय खरीददार के बारे में पता चल गया है। दरअसल, कयासों का दौर चलने के बाद पता चला है कि उसे खरीदने वाली भारत की कपड़ा क्षेत्र की कंपनी 'एस कुमार' है।
इससे पहले मई की शुरुआत में एक बेनामी खरीददार द्वारा खराब माली हालत वाली इस कंपनी की खरीद के बाद कर्मचारियों में हर्ष का माहौल था। श्रृंखला के ब्रिटेन में 105 और स्काटलैंड में लगभग 30 स्टोर हैं।
गौरतलब है कि इस श्रृंखला की मालिक 'ओसियन रिटेल ग्रुप' ने इसे एक निवेश कंपनी एजिलिओ को 2.5 करोड़ पौंड में बेच दिया था। इसके बाद ही श्रृंखला के भविष्य को लेकर सवाल खड़े किए जाने लगे थे और कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटक गया था।
सौदे के समय खरीददार का नाम सामने नहीं आने पर इस बारे में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
हाल ही में ग्लासगो के एक समाचार पत्र 'हेराल्ड' ने यह रहस्योद्घाटन किया कि इस श्रृंखला को भारतीय कंपनी 'एस कुमार नेशनवाइड लिमिटेड' (एसकेएनएल) ने खरीदा है। सौदे की कीमत का उल्लेख नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications