उप्र की सीमा पर पहुंची मेट्रो ट्रेन
नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल उत्तर प्रदेश की सीमा तक पहुंच गई है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी ने मंगलवार शाम दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन के दूसरे चरण की पहली मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया।
अब रिठाला से चलने वाली मेट्रो रेल शाहदरा के बजाय दिलशाद गार्डन तक जाएगी, जहां उत्तर प्रदेश से रोजाना राजधानी आने वाले लोग मेट्रो यात्रा का लुत्फ उठा सकेंगे। दूसरे चरण के दौरान इस लाइन का 3.1 किलोमीटर का विस्तार किया गया है। यह लाइन शाहदरा से मानसरोवर पार्क व झिलमिल होते हुए दिलशाद गार्डन तक जाएगी।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए जयपाल रेड्डी ने कहा, "दिल्ली मेट्रो न सिर्फ दिल्ली के लिए बल्कि संपूर्ण भारत के लिए गर्व की बात है क्योंकि यह दुनिया की सबसे बेहतर और आधुनिक मेट्रो व्यवस्था है।" उन्होंने तय समय सीमा से सात महीने पहले परियोजना को पूरा कर लिए जाने पर डीएमआरसी को बधाई दी।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा, "एक समय ऐसा था कि दिल्ली के लोग यमुनापार के लोगों के विषय में कम ही सोचने थे लेकिन सौभाग्य से मेट्रो रेल के दोनों चरणों की शुरुआत यमुनापार से ही हुई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications