श्रीलंका में बाढ़, 13 मृत, 2.5 लाख बेघर

श्रीलंका के आपदा प्रबंधन और पुनर्वास मंत्री रिजार्ड बुदुरथीन ने आईएएनएस से कहा, "सोमवार शाम तक की सूचना के मुताबिक देश के विभिन्न क्षेत्रों में आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण दो बच्चों समेत 13 लोग मारे गए हैं और दो बच्चे लापता हैं। इस आपदा के कारण 52 हजार 989 परिवारों के कम से कम दो लाख 25 हजार 890 लोग बेघर हो गए हैं।"
उन्होंने कहा कि सेना, जल सेना और वायु सेना के सैकड़ों जवान राहत पहुंचाने के काम में जुट गए हैं। बुदुरथीन ने बताया कि श्रीलंका के मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में और बारिश हो सकती है।
आपदा राहत सेवा के मंत्री अमीर अली ने आईएएनएस को बताया कि बाढ़ की वजह से कालूतारा, गल्ले, रतनापुरा और गामपाहा जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसमें रतनापुरा और कालुतारा जिले में सबसे अधिक क्षति हुई है। यहां कई मकान पानी में डूब गए हैं।
देश भर में हो रही मानसून की बारिश से कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर आ गया है और 9,745 परिवार घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। फिलहाल इन लोगों को अस्थायी तौर पर सरकारी स्कूल और मंदिरों में ठहराया गया है।
अमीर अली ने कहा, "बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य के लिए वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर और नौ सेना की नौकाओं की सहायता ली जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications