मेधा सूची में जगह पाने वाली दो छात्राएं अनुत्तीर्ण घोषित
लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के 10वीं कक्षा की परीक्षाओं में तीसरे और 21वें स्थान पर रहीं दो छात्राओं को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है। आरोप है कि इन छात्राओं ने दो जगह से परीक्षा फार्म भरा था।
उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रभा त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया कि 10वीं कक्षा की परीक्षाओं के नतीजे में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा रीता सिंह और 21वां स्थान पाने वाली छात्रा करूणा का नाम मेधा सूची से हटाकर उसे अनुत्तीर्ण करार दे दिया गया है।
त्रिपाठी ने कहा कि बाराबंकी जिले में रुदौली के बाबा बाजार स्थित रामसेवक यादव इंटर कालेज की छात्रा रीता सिंह ने 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए दो जगह से फार्म भरा था।
त्रिपाठी के मुताबिक जांच में पाया गया है कि रीता का परीक्षा केंद्र रामसेवक यादव इंटर कालेज में ही पड़ा। रीता के पिता शिवराम सिंह इस कालेज के प्रबंधक हैं और चाचा अंशुमन सिंह प्रधानाचार्य हैं।
उन्होंने कहा कि दो जगह से परीक्षा फार्म भरना गैर कानूनी है। ऊपर से आरोप है कि परीक्षा केंद्र के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने परीक्षा के दौरान रीता की मदद की थी। इसीलिए रीता को मेधा सूची से निकालकर उसे अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया और रामसेवक यादव इंटर कालेज की मान्यता रद्द कर दी गई।
त्रिपाठी ने बताया कि मेधा सूची में 21वें स्थान पर रहीं करुणा ने भी मथुरा और अलीगढ़ दोनों जगह से परीक्षा फार्म भरा था। इस कारण करुणा को भी मेधा सूची से बाहर कर दिया गया है और उसे अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications