ठीक ढंग से नहीं हो रहा द. अफ्रीका में शरणार्थियों का पुनर्वास
जोहांसबर्ग, 2 जून (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका में विदेशी मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा के दौरान अपने घरों को छोड़कर गए लोगों के शिविरों में पुनर्वास का पहला प्रयास असफल हो गया है।
दक्षिण अफ्रीका के टेलीविजन चैनल ई-टीवी ने बताया कि शरणार्थियों ने शिविरों में भय और अविश्वास के बीच जीवन बिताने से इंकार कर दिया है।
पुलिस प्रवक्ता सैली डी बीर ने बताया कि हिंसा में अबतक 62 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 670 लोग घायल हुए हैं।
सरकार संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर चर्चो, पुलिस थानों और टाउन हालों में रह रहे 19 हजार लोगों के पुनर्वास की योजना बना रही है।
सहायता संगठनों ने सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने शिविरों का निर्माण उचित तरीके से नहीं करवाया है। यहां तक कि एक शिविर तो ऐसे स्थान के एकदम नजदीक है जहां हिंसा भड़की थी। एक अन्य शिविर में दो हजार लोगों के बीच मात्र 20 शौचालय बनाए गए हैं।
इस बीच एक समाचार पत्र 'द सटर्डे स्टार' ने दावा किया है कि ताजा हिंसा में पांच और लोग मारे गए हैं। उसने सरकार के उस दावे को भी गलत बताया है जिसमें कहा गया था कि हिंसा पर काबू पा लिया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के शरणार्थियों संबंधी उच्चायुक्त (यूएनएचसीआर) ने कहा है कि हिंसा के दौरान एक लाख से अधिक लोगों को अपने घर छोड़ कर बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications