पीएसयू और धातु में भारी बिकवाली से टूटे शेयर बाजार (लीड-3)
मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। अचल संपत्ति, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां (पीएसयू), धातु और ऊर्जा क्षेत्र के शेयरों में भारी बिकवाली के कारण आज देश के शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान सेंसेक्स 352 और निफ्टी 130 अंक लुढ़क गए।
आज बाजार बंद होने तक मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' 352.39 अंक गिरकर 16,063.18 पर बंद हुआ।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप 176.35 अंक के नुकसान के साथ 6,584.19 पर और स्मॉलकैप 173.53 अंक फिसलकर 7,959.51 पर बंद हुए।
उधर राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी 130.50 अंकों के नुकसान के साथ 4,739.60 पर बंद हुआ।
बीएसई के सूचकांकों में केवल वाहन क्षेत्र आज मामूली बढ़त पर रहे। अचल संपत्ति क्षेत्र चार प्रतिशत लुढ़का जबकि पीएसयू, धातु, ऊर्जा और बैंक क्षेत्र में तीन प्रतिशत की भारी बिकवाली रही। इसके अलावा उपभोक्ता वस्तुएं और पूंजीगत वस्तु क्षेत्र ढाई प्रतिशत से ज्यादा गिरे। तेल एवं गैस, तकनीकी, सूचना प्रौद्योगिकी और फार्मा क्षेत्र के शेयर भी एक प्रतिशत फिसले।
बीएसई में आज कारोबार करने वाले 786 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही जबकि 2,221 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। केवल 155 कंपनियां ऐसी रहीं जिनके शेयरों में कोई उतार-चढ़ाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में शामिल एनटीपीसी, एसीसी, हिंडालको, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, नाल्को, यूनिटेक और टीसीएस के शेयरों को आज सर्वाधिक नुकसान हुआ जबकि मारुति सुजुकी, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, हीरो होंडा और सन फार्मा के शेयर सर्वाधिक मुनाफे में रहे।
एनटीपीसी के शेयर 6.39 प्रतिशत नुकसान के साथ 161.25 पर, एसीसी के शेयर 5.23 प्रतिशत नीचे 626.10 पर, हिंडाल्को के शेयर 5.23 प्रतिशत नीचे 182.25 पर और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 4.90 प्रतिशत फिसलकर 1,170.40 पर बंद हुए।
उधर मारुति सुजुकी के शेयरों को आज सबसे ज्यादा मुनाफा हुआ। इसके शेयर 2.85 प्रतिशत ऊपर 786.30 पर बंद हुए। इसके अलावा आईटीसी के शेयर 1.01 प्रतिशत ऊपर 219.85 पर, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 0.18 प्रतिशत ऊपर 593.55 पर और भारती एयरटेल के शेयर 0.14 प्रतिशत ऊपर 877.70 पर बंद हुए।
आज एनएससी में कुल 11,816.96 करोड़ रुपये का नकद कारोबार हुआ जबकि 35,257.77 करोड़ रुपये का फ्यूचर एंड आप्शंस (एफएंडओ) कारोबार हुआ। इस दौरान बीएसई में कुल 4,793.9 करोड़ रुपये का नकद कारोबार हुआ।
इससे पहले आज सुबह तेजी के साथ खुलने के बाद शेयर बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट का रुख देखा गया।
सेंसेक्स आज सुबह 175.89 अंकों की बढ़त के साथ 16591.46 पर खुला उधर निफ्टी सुबह 4,869.25 पर खुला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications