गुर्जरों की मौत पर उप्र कांग्रेस ने वसुंधरा राजे का इस्तीफा मांगा
लखनऊ , 2 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजस्थान पुलिस फायरिंग में गुर्जरों की मौत के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के त्यागपत्र की मांग की है। साथ ही कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश में गुर्जरों पर फायरिंग करने वालों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा़. रीता बहुगुणा जोशी की मौजूदगी में जिला-शहर अध्यक्षों की सोमवार को हुई बैठक में राजस्थान सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राम कुमार भार्गव ने बताया कि बैठक में दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में जिन किसानों का ऋण माफ हुआ, उन्हें कांग्रेस के पक्ष में संगठित करने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुद्दे की राजनीति करनी होगी और जनता को प्रभावित करने वाले मुद्दों को लेकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा जल्दी करने का प्रयास किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications