वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के लिए विशेष टिकटों से विरोध भड़का
जम्मू, 2 जून (आईएएनएस)। हिंदुओं के प्रसिद्ध तीर्थ वैष्णो देवी में कतार से अलग श्रद्धालुओं को विशेष दर्शन की व्यवस्था कराने के लिए एक हजार रुपये तक की कीमत के टिकट जारी किए गए हैं। इस कारण जनता में भारी रोष है। लोगों ने मंदिर के इस व्यवसायीकरण का विरोध किया है।
शनिवार की मध्य रात्रि से मंदिर प्रबंधन ने लंबी कतारों से बचकर शीघ्र 'अटका दर्शन' कराने के लिए 200 रुपये से लेकर 1000 रुपये कीमत वाले विशेष टिकटों की व्यवस्था की, जिसका लोगों ने घोर विरोध किया।
जयपुर निवासी प्रेम कुमार क्रोध में आकर पूछते हैं, "क्या गरीब लोगों को देवी के दर्शन करने का कोई अधिकार नहीं है?"
अमृतसर के रामबाग से आई पुष्पादेवी कहती हैं, "भला मंदिर प्रबंधन गरीब और अमीर तीर्थ यात्रियों में भेदभाव कैसे कर सकता है।"
कुछ श्रद्धालुओं ने तो मंदिर का प्रबंधन करने वाले 'श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड' के खिलाफ नारेबाजी भी की।
गौरतलब है कि यह देश के सर्वाधिक मान्यताप्राप्त तीर्थ स्थानों में से है जहां रोज 25 हजार से भी अधिक श्रद्धालु आते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications