आरुषि हत्याकांड : तलवार के घर की तलाशी, अनीता दुर्रानी से पूछताछ (लीड)

नोएडा, 2 जून (आईएएनएस)। बहुचर्चित आरुषि हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की पांच सदस्यों वाली एक टीम ने आज नोएडा स्थित तलवार दंपति के घर की गहन तलाशी ली।

सीबीआई की टीम के साथ पत्थर काटने वाला एक कर्मचारी भी था जिसने एक कमरे की छत की दीवार के रक्तरंजित हिस्से को काट कर अलग कर लिया। इसके अलावा एक अपराध विशेषज्ञ ने घर की छत, तीन बेडरूम, सीढ़ियां और दरवाजों का निरीक्षण किया।

सीबीआई की टीम आज दोपहर एक बजे नोएडा के जलवायु विहार स्थित तलवार के घर पहुंची और तीन घंटे तक तलाशी का काम चलता रहा। इस दौरान टीम ने खून के कुछ नमूनों समेत अन्य साक्ष्य इकट्ठे किए।

चार सदस्यों वाली सीबीआई की एक दूसरी टीम ने नोएडा स्थित राजेश तलवार की मित्र अनीता दुर्रानी के घर की भी गहन तलाशी ली और उनसे पूछताछ की। इस पूछताछ के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।

उधर नोएडा की अदालत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ए. के. सिंह ने आरुषि के पिता राजेश तलवार को आज एक दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने इस मामले की जांच रविवार को शुरू की थी। सीबीआई तलवार को सात दिनों तक हिरासत में रखना चाहती थी, लेकिन अदालत ने केवल एक दिन हिरासत में रखने की अनुमति दी। साथ ही अदालत ने कहा है कि तलवार से पूछताछ के दौरान उनके वकील मौजूद रहेंगे।

तलवार के वकील ने अदालत में कहा कि वह इस मामले में आरोपी नहीं है क्योंकि सीबीआई ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि 16 मई को राजेश तलवार और नूपुर तलवार की बेटी और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की कक्षा नौ की छात्रा आरुषि अपने घर में मृत पाई गई थी।

इसके दूसरे दिन ही तलवार परिवार का घरेलू नौकर हेमराज भी मृत पाया गया था। इसके बाद 23 मई को नोएडा पुलिस ने आरुषि के पिता राजेश तलवार को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+