पाक सरकार ने तेल कंपनियों के बिल भुगतान के लिए दिए 25 अरब रुपये
इस्लामाबाद, 2 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए सरकारी तेल विपणन कंपनियों के बिल के भुगतान के लिए उन्हें 25 अरब रुपये की राशि दी है।
सरकार ने घरेलू कीमतों को पखवाड़े भर के लिये स्थिर किया है और उसने यह कदम दूसरी बार उठाया है।
'द न्यूज' में आज छपी खबरों के मुताबिक, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतों में भारी इजाफे के कारण सरकार के पास तेल कंपनियों के 25 अरब रुपये के बिल का भुगतान क रने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था।
वित्त मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय हित में बजटीय संसाधनों से इन बिलों का भुगतान किया गया है।
इस अधिकारी ने बताया कि कीमतों में अंतर के आधार पर तैयार (पीडीसी) बिल वित्त वर्ष 2007-08 के दौरान का है। इसमें कुल बिल करीब 153 अरब रुपये है।
उन्होंने कहा कि कीमतों के अंतर का यह फार्मूला तेल कंपनियों को अंतर्राष्ट्रीय कीमतों में भारी उछाल से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि पाक सरकार प्रति लीटर डीजल पर 39 रुपये और पेट्रोल पर सात रुपये लीटर की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications