चंबल नदी में नहा रहे बच्चों पर घड़ियाल का हमला
इटावा, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आज चंबल नदी में स्नान कर रहे दो बच्चों पर एक घड़ियाल ने हमला कर दिया, जिससे दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को तत्काल इटावा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें ग्वालियर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
जिले के चकरनगर थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह ने आईएएनएस को बताया कि चंबल नदी के किनारे बसे पालीवार गांव के कुछ बच्चे सोमवार सुबह नदी में नहा रहे थे। उसी समय नदी में मौजूद घड़ियाल ने 15 वर्षीय अंकित और 14 वर्षीय अजय सिंह पर हमला कर दिया और दोनों को गहरे पानी की तरफ खींचने लगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों के चिल्लाने पर आसपास जानवरों को चरा रहे चरवाहों ने इन दोनों बच्चों को घड़ियालों के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद घायल बच्चों को इटावा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां के डाक्टरों ने उन्हें ग्वालियर जिला अस्पताल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि चकरनगर क्षेत्र चंबल वन्य जीव अभ्यारण्य के अंतर्गत आता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications