भाजपा शासित राज्यों ने फिर लगाया केंद्र पर उपेक्षा का आरोप
नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिनों तक चली बैठक में एक बार फिर पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्र सरकार पर भेदभाव बरतने व सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकारिणी की बैठक के दौरान जब मुख्यमंत्रियों को बोलने का मौका मिला तो सभी मुख्यमंत्रियों ने एक सुर में केंद्र सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने गरीबी रेखा के नीचे रहने वाली जनता को मिलने वाले अनाजों में कटौती का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया। जबकि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बिजली की उपलब्धता में कमी किए जाने के लिए केंद्र सरकार को कोसा।
प्रसाद ने केंद्र सरकार के इस रवैये की कड़ी आलोचना की और कहा कि राज्यों से इस प्रकार का व्यवहार करके भारत की राजनीति में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार ने नई शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार थी तो किसी भी कांग्रेस शासित राज्य के साथ सौतेला व्यवहार नहीं किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications