चंडीगढ़ के समाचार पत्र हॉकरों ने की हड़ताल
चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। चंडीगढ़ और उसके पड़ोसी शहर मोहाली और पंचकुला में आज समाचार पत्र बांटने वाले हॉकरों ने हड़ताल किया और इन तीनों शहर में कहीं भी अखबारों को नहीं बांटा।
हॉकरों की मांग है कि उन्हें अखबार की प्रति कॉपी कमीशन अधिक दिए जाएं और पाठकों के लिए कूपन प्रणाली बंद की जाए।
चंडीगढ़, पंचकुला और मोहाली हॉकर संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा, "रविवार को इन शहरों के किसी हिस्से में हॉकरों ने समाचार पत्र नहीं बांटे। हम इसे तब तक जारी रखेंगे जब तक कि हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।"
उन्होंने कहा कि उन लोगों ने समाचार पत्र प्रबंधन से भी इस विषय पर बातचीत की है।
स्थानीय निवासी मंजीत अहुलवालिया ने बताया, "मैं सुबह से समाचार पत्र का इंतजार कर रहा हूं। हालांकि अभी तक किसी हॉकर के आने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। रविवार को अखबार न मिले तो यह परेशान करता है।"
गौरतलब है कि समाचार पत्र न मिलने से इन क्षेत्रों के करीब 15 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications