लालू के जन्मदिन पर मानस पाठ और यज्ञ होगा
लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के जन्म दिन पर उनकी लम्बी उम्र के साथ-साथ आगामी लोकसभा चुनाव में राजद की सफलता के लिए रामचरित मानस का पाठ और वृहद यजुर्वेद परायण यज्ञ आयोजित किया जाएगा।
आगामी 11 जून को लालू प्रसाद यादव का 62वां जन्म दिन है। राजद की उत्तरप्रदेश इकाई केअध्यक्ष प्रो़ कैलाश नाथ सिंह यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर में होगा, जहां रामचरित मानस पाठ और यज्ञ आयोजित होगा । शाम को भजन संध्या और लोकगीत का कार्यक्रम आयोजित होगा।
यादव ने बताया कि आगामी पांच जुलाई को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर वाराणसी में एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में पूर्वाचल को बड़ा आर्थिक पैकेज देने तथा अलग पूर्वाचल राज्य बनाने की मांग को निकाली जाने वाली पूर्वाचल क्रांति यात्रा की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने मायावती सरकार पर बुंदेलखण्ड और पूर्वांचल की समस्याएं हल करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा सरकार संवेदनशून्य है। उन्होंने गुर्जर आंदोलन से निपटने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा बल प्रयोग की निंदा की और आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से घायल हुए लोगों का इलाज नहीं कराया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications